
रतलाम (IV News) रतलाम जिले के आलोट में डेढ़ साल पुराने विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। शादी समारोह में हुए पुराने झगड़े की रंजिश के चलते 22 वर्षीय युवक मनीष माली का कथित तौर पर अपहरण कर उज्जैन ले जाकर हत्या कर दी गई। मामले का खुलासा होते ही आलोट में आक्रोश भड़क उठा। गुस्साए परिजनों और नागरिकों ने पुलिस थाना परिसर में जमकर हंगामा किया, आरोपियों को फांसी देने और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
रात में घर से बुलाकर ले गए, फिर नहीं लौटा मनीष
जानकारी के अनुसार आलोट के विक्रमगढ़ निवासी 22 वर्षीय मनीष माली शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे से लापता था। परिजनों ने रातभर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार दोपहर परिजनों ने आलोट थाने पहुंचकर कुछ युवकों पर अपहरण की आशंका जताई।
संदिग्धों से पूछताछ में खुला हत्या का राज
पुलिस ने परिजनों द्वारा बताए गए संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि मयंक उर्फ महेंद्र माली ने अपने साथियों रितेश, निलेश, यश और मुजफ्फर के साथ मिलकर मनीष को घर से बुलाया और उज्जैन ले गए। वहां नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित हटकेश्वर विहार कॉलोनी के एक मकान में शराब पार्टी के दौरान पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपियों ने मनीष की गला दबाकर हत्या कर दी।
बंद कमरे से मिली लाश
आलोट पुलिस उज्जैन पहुंची और मकान के बंद कमरे से मनीष का शव बरामद किया। शव मिलने की खबर फैलते ही आलोट में माहौल तनावपूर्ण हो गया।
थाने पर हंगामा, बुलडोजर और फांसी की मांग
मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में नगरवासी थाने पहुंच गए। लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने के बाहर चक्काजाम किया, मुख्य गेट तोड़ने की कोशिश की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। भीड़ आरोपियों का जुलूस निकालने, फांसी देने और अवैध मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग पर अड़ी रही।
पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय और आलोट एसडीओपी पल्लवी गौर ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी। पुलिस के आश्वासन के बाद स्थिति शांत हुई।
पुलिस का बयान
एसडीओपी पल्लवी गौर के अनुसार, पिता की शिकायत के आधार पर अपहरण का मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई। पांचों आरोपियों को राउंडअप कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। फिलहाल आलोट में तनावपूर्ण शांति है, जबकि पूरे क्षेत्र में इस हत्याकांड को लेकर भारी आक्रोश बना हुआ है।
