
रतलाम (IV News): जिले के ताल कस्बे में रविवार रात एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस झगड़े में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दुल्हनों के फेरे तक नहीं हो पाए और तीनों बारातें बिना दुल्हन के ही लौट गईं।
गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, ताल के भोई मोहल्ले निवासी शंकरलाल भोई की तीन बेटियों की शादी थी। अलग-अलग गांव—रूनीजा, बसाड़ और उनी से तीन बारातें आई थीं। रात करीब साढ़े 9 बजे बसाड़ से आई बारात के डीजे वाहन के ऑपरेटर माखन कुमावत (निवासी मंदसौर) द्वारा माइक से गाली-गलौज की जा रही थी। मोहल्ले के ही दिलीप माली ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि माखन कुमावत और उसके साथियों ने दिलीप से झगड़ा शुरू कर दिया।

बीच-बचाव करने पहुंचे युवकों पर भी हमला…..
झगड़ा बढ़ता देख दिलीप का भाई सुनील माली और मोहल्ले के समरथ बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि माखन कुमावत ने चाकू से दिलीप के पेट में वार किया, जबकि उसके साथी बापू कहार (निवासी बसाड़) ने लोहे के पाइप से हमला किया। इस हमले में दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत….
घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग घायलों को तत्काल ताल स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से दिलीप की हालत गंभीर देखते हुए उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही दिलीप ने दम तोड़ दिया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हत्या का मामला दर्ज, एक आरोपी हिरासत में….
ताल पुलिस ने मुख्य आरोपी माखन कुमावत सहित 3-4 लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
बिना फेरे लौटी बारातें…
इस दर्दनाक घटना के बाद शादी समारोह पूरी तरह से रुक गया। तीनों बेटियों की बारातें बिना फेरे के ही वापस लौट गईं। परिजनों का कहना है कि विवाद केवल बसाड़ से आई बारात के डीजे वालों से हुआ था, अन्य दो बारातों का इस घटना से कोई संबंध नहीं था।
