
रतलाम (ivnews) जिले में फार्मर रजिस्ट्री एवं गिरदावरी के कार्य में गंभीर लापरवाही सामने आने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) सैलाना तरूण जैन द्वारा 6 फरवरी को जनपद पंचायत बाजना में फार्मर रजिस्ट्री एवं गिरदावरी कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई पटवारियों द्वारा कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं की गई है। कुछ पटवारियों की प्रगति शून्य पाई गई, जबकि कई मामलों में 10 प्रतिशत से भी कम कार्य पूर्ण हुआ था। इस पर प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
तहसीलदार बाजना मनीष जैन द्वारा की गई कार्रवाई के तहत 21 पटवारियों का एक दिवस का वेतन आहरण रोका गया है। जिन पटवारियों पर कार्रवाई की गई है, उनमें संदीप केलवा, संजय यादव, मानसिंह पंवार, सुनील निनामा, श्रीमती राधा डाबी, संजय कुमार मौर्य, श्रीमती रेखा चारेल, हितेश गोठवाल, परमानंद खदेड़ा, बसंतीलाल मईडा, हितेश सिंह गुर्जर, रोहित गुर्जर, मिहिर, मयंक रत्नावत, ऋतुराज पंवार, राजेश पालिया, श्रीमती सीमा राठौर, विपिन रॉय, सैय्यद हुसैन, श्रीमती सोनिया चौहान एवं सुशील सिंगाड़ शामिल हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फार्मर रजिस्ट्री एवं गिरदावरी का कार्य शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्य में शीघ्र प्रगति लाते हुए समय-सीमा में लक्ष्य पूर्ण करें, अन्यथा आगे और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
