
रतलाम/जावरा ( ivnews)
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान 40 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा से भरी एक सफेद ब्रेजा कार को जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 10 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
6 फरवरी 2026 को वाहन चेकिंग के दौरान मंदसौर की ओर से तेज गति से आती एक बिना नंबर की सफेद ब्रेजा कार को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने बेरिगेट्स को टक्कर मारते हुए कार को भगाने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा पीछा करने पर आरोपी भीमाखेड़ी चौराहा, अजमेरी गेट होते हुए बोहरा बाखल क्षेत्र के नानासाहब मोहल्ले की गली में कार खड़ी कर मौके से फरार हो गया।
कार संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहन को टो कर जावरा-जोयो तिराहा स्थित चेकिंग पॉइंट पर लाकर विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से दो काले प्लास्टिक के बोरे, जिनमें कुल 40 किलो डोडाचूरा भरा था, बरामद किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ एवं वाहन को जब्त कर धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। फरार आरोपी, वाहन एवं मादक पदार्थ की सप्लाई चेन के संबंध में पुलिस द्वारा जांच जारी है।
जप्त मशरूका
अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा – 40 किलोग्राम
(कीमत लगभग ₹80,000)
सफेद रंग की ब्रेजा कार (बिना नंबर)
(कीमत लगभग ₹10,00,000)
कुल जप्त मशरूका: ₹10,80,000
सराहनीय भूमिका—–
जावरा आई ए थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान,
उनि प्रतापसिंह भदोरिया, सउनि गलसिंह भवेल,प्र.आर. योगेश सैनी, आर. अभिजीत सिंह, सतपाल सिंह, अर्जुन चंदेल, कमलेश की भूमिका सराहनीय रही.
