रतलाम आर्मी में जाने का सपना लेकर एक 16 साल का किशोर एक सप्ताह से खेल मैदान पर अपने दोस्तो के साथ प्रतिदिन दौड़ने का अभ्यास कर रहा था। आज सुबह इसी अभ्यास के दौरान उसकी अचानक तबियत बिगड़ी और मौत हो गई। किशोर की मौत से उसका सपना भी अधूरा ही रह गया। किशोर की अचानक मौत से उसका पूरा परिवार गमगीन है।

घटना आज सोमवार सुबह की है। बालाजी नगर निवासी 17 वर्षीय आशुतोष पिता राधेश्याम कुमावत अपने दोस्त के साथ सुबह साढ़े पांच बजे रनिंग के लिए शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के खेल मैदान गया था।

आशुतोष अपने दोस्त के साथ मैदान पर रनिंग कर रहा था। तभी अचानक उसकी तबियत बिगड़ी वह गश खाकर गिर पड़ा। यह देख उसके दोस्त और खेल मैदान पर मोजूद अन्य लोग उसे तत्काल जिला चिकित्सालय ले गए। जहा चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना किशोर के परिजनों को मिलने पर वह तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचे। जिला चिकत्सालय के सिविल सर्जन डॉ एम एस सागर ने बताया की मृतक किशोर की मौत संभवत साइलेंट अटैक ( कार्डियक ) आने से हुई है। मृतक की बहन नीलू के मुताबिक आशुतोष। कक्षा 11 वी में पढ़ता था। वह आर्मी में जाने की इच्छा रखता था। इसके लिए वह अपने दोस्तो के साथ एक सप्ताह पहले से ही खेल मैदान पर सुबह रनिंग के लिए जाने लगा था। उसे पहले कोई बीमारी नहीं थी। वह पूरी तरह से स्वस्थ था।
उल्लेखनीय है की किशोर हार्ट अटैक के मामले इन दिनों तेजी से बढ़ते जा रहे हैं, जिनमे युवा, किशोर और बच्चे भी शरीक हो गए हैं। रतलाम जिले में बीस दिन में यह दूसरा मामला है जिसमे किशोर की अटैक आने से मौत हुई है। इसके पहले आलोट तहसील के ग्राम खारवाकला में 13 साल के बच्चे की इसी तरह से अचानक तबियत बिगड़ने से मौत हो गई थी। जिसमे भी चिकित्सको ने साइलेंट अटैक होने की संभावना जताई थी।