रतलाम (IVNEWS)। जिले के बाजना थाना क्षेत्र के भोजपुरा और हलकारा खुर्द गांव से जुड़ा गर्भवती गाय की चोरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि घर के बाहर बंधी गर्भवती गाय को तीन लोग चोरी कर ले गए और बाद में उसे काटकर खा गए। मामले का खुलासा हलकारा खुर्द में आयोजित भील समाज की पंचायत में हुआ, जहां फरियादी के अनुसार, तीनों आरोपियों ने गाय चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने गाय के बदले दो गाय देने का प्रस्ताव भी रखा, लेकिन फरियादी ने इसे ठुकराते हुए अपनी गाय वापस मांगी। इसके बाद आरोपियों ने गाय को काटकर खाने की बात कही। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
घर के बाहर बंधी थी गाय, रात में हुई चोरी
प्राप्त शिकायत के अनुसार, भोजपुरा निवासी किसान के पास खेती-किसानी के लिए दो बैल और तीन गायें हैं। इनमें से एक गर्भवती गाय 16 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे घर के बाहर बंधी हुई थी। गाय को बच्चा देने में लगभग एक माह शेष था।
बताया गया कि रात के समय किसान अपने माता-पिता के साथ घर के बाहर खाट पर सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति गाय को चुराकर ले गए। सुबह गाय नहीं मिलने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।
तलाश करते हुए हलकारा खुर्द पहुंचे परिजन
17 अक्टूबर को फरियादी अपने भाई मांगीलाल और हितेश के साथ गाय की तलाश में हलकारा खुर्द पहुंचे। वहां उन्होंने वालु पिता नारजी मईडा, दिनेश पिता दोलसिंह मईडा और मंगलु पिता खुमचंद हारी से गाय के संबंध में पूछताछ की।
शिकायत के मुताबिक, शुरुआत में वालु ने बताया कि वह अपनी बेटी के गांव कुंदनपुर से बैल लेकर आया है, गाय नहीं। इसके बाद फरियादी पक्ष ने कुंदनपुर जाकर जानकारी जुटाई, जहां ग्रामीणों ने वालु के बैल लेकर जाने की बात से इनकार किया। इससे परिजनों का संदेह और बढ़ गया।
भील पंचायत में सामने आया मामला
इसके बाद 18 से 21 अक्टूबर के बीच हलकारा खुर्द में भील समाज की पंचायत आयोजित हुई। पंचायत में समाज के कई लोग मौजूद थे। फरियादी के अनुसार, पंचायत के दौरान पूछताछ में वालु मईडा, दिनेश मईडा और मंगलु हारी ने गाय चोरी करने की बात स्वीकार की।
गाय के बदले दो गाय देने की पेशकश
फरियादी के मुताबिक, पंचायत में आरोपियों ने चोरी हुई गर्भवती गाय के बदले दो गाय देने का प्रस्ताव रखा। हालांकि, पीड़ित ने प्रस्ताव स्वीकार करने से इनकार कर दिया और अपनी गाय वापस मांगी।
इस पर आरोपियों ने कथित तौर पर कहा कि गाय अब वापस नहीं मिल सकती, क्योंकि वे उसे काटकर खा चुके हैं। इस खुलासे के बाद मामला और गंभीर हो गया। गाय की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
पंचायत में सामने आई कथित स्वीकारोक्ति के बाद फरियादी ने बाजना थाने पहुंचकर तीनों लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!