रतलाम ( ivnews ) रतलाम में रेलवे क्रॉसिंग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया.बंजली-सेजावता बायपास स्थित रेलवे समपार फाटक नंबर 192 पर रेलवे ट्रैक पर फंसी एक कार को वलसाड–हिसार एक्सप्रेस ट्रेन (04728) ने टक्कर मार दी। घटना का लाइव वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो खुद कार चालकद्वारा ही बनाया गया बताया जा रहा है.गनीमत रही कि ट्रेन के लोको पायलट ने दूर से ही ट्रैक पर कार को देख लिया और ट्रेन की रफ्तार धीमी कर दी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, ताल निवासी प्रणव उपाध्याय अपनी कार से ताल से रतलाम आए थे। इसी दौरान बंजली–सेजावता बायपास स्थित रेलवे क्रॉसिंग नंबर 192 पर ट्रैक पार करते समय कार फंस गई। बताया जा रहा है कि इसी बीच रेलवे फाटक बंद हो गया और कार पटरी पर ही खड़ी रह गई।
कार चालक ने तत्काल कार से उतरकर फाटक पर तैनात कर्मचारी को सूचना दी। आरोप है कि कर्मचारी नशे की हालत में था और उसने फाटक नहीं खोला। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी
इसी दौरान रतलाम से नीमच की ओर जा रही वलसाड–हिसार एक्सप्रेस ट्रेन ट्रैक पर पहुंच गई। लोको पायलट ने दूर से ही पटरी पर कार को देख लिया और ट्रेन की गति कम कर दी। इसके बावजूद ट्रेन कार से टकरा गई। टक्कर के कारण कार को काफी नुकसान पहुंचा, लेकिन समय रहते ट्रेन की रफ्तार कम किए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद रेलवे क्रॉसिंग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को रेलवे ट्रैक से हटाया गया। इसके बाद ट्रैक क्लियर कर ट्रेन को रवाना किया गया और ट्रेनों की आवाजाही शुरू कराई गई।घटना को गंभीरता से लेते हुए रतलाम रेल मंडल के डीआरएम अश्विनी कुमार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि कार रेलवे ट्रैक पर किन परिस्थितियों में फंसी, फाटक समय पर क्यों नहीं खोला जा सका और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी की भूमिका क्या रही.

By V meena

You missed

error: Content is protected !!