रतलाम (ivnews ) त्योहारों के बीच बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने रविवार को शहर की सड़कों पर जोरदार प्रदर्शन किया। पेट्रोल-डीजल, घरेलू गैस, शक्कर, गुड़, खाद्य तेल और बिजली सहित जरूरी वस्तुओं के बढ़ते दामों के विरोध में शहर कांग्रेस कमेटी एवं कांग्रेस सेवादल के नेतृत्व में रैली निकाली गई। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई पर लगाम लगाने की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ता राम मंदिर के सामने से रैली के रूप में रवाना हुए। हाथों में कांग्रेस के झंडे और महंगाई के विरोध में लिखी तख्तियां लेकर कार्यकर्ता विभिन्न मार्गों से होते हुए कस्तूरबा नगर चौराहे पहुंचे। यहां महंगाई का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
‘महंगाई डायन खाए जात है’ से गूंजा शहर
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल और शक्कर-गुड़ के दाम कम करने की मांग को लेकर नारे लगाए। वहीं केंद्र एवं प्रदेश सरकार के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की गई। रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने गरीब, मजदूर, किसान और मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें बढ़ने से आम आदमी परेशान है, लेकिन सरकार इस समस्या को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाने और सरकार को जगाने के उद्देश्य से कांग्रेस ने यह प्रदर्शन किया है।
ब्लॉक कांग्रेस ने किया सद्बुद्धि यज्ञ
महंगाई के विरोध में शाम 5 बजे ब्लॉक कांग्रेस क्रमांक-2 की ओर से हाट रोड स्थित हनुमान मंदिर पर सद्बुद्धि यज्ञ किया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली। रैली के दौरान ऑटो में माइक के जरिए ‘महंगाई डायन खाए जात है’ गीत बजाया गया, जिससे लोगों का ध्यान बढ़ती महंगाई के मुद्दे की ओर आकर्षित किया गया।
प्रदर्शन में पारस सकलेचा, महेंद्र कटारिया, रजनीकांत व्यास, आशा रावत, राजनाथ यादव, राजीव रावत, कमरुद्दीन कछुवाया, वहीद शेरानी, सलीम बागवान, कविता महावर, सतीश पुरोहित, मंसूर अली पटौदी, शैलेंद्र सिंह, प्रदीप राठौड़, हितेश पेमाल, इक्का बेलूत, सुजीत उपाध्याय, बसंत पंड्या, विजय उपाध्याय, रवि वर्मा, रमेश पोरवाल, हरविंदर सिंह, साकिर खान, वीरपाल सिंह, सलीम टेलर, राजू जलवानी, किशन लाल गोसर, सीताराम बैरागी, राधा प्रजापत, इकरार चौधरी, हेमंत नेका, रोहित मीणा, मनोज खोईवाल, विजय पंड्या, आर्यन खान, शाकिर अंसारी, पतंजलि जोशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!