
रतलाम (IVNEWS)। रतलाम में इलेक्ट्रिक स्कूटी में धमाके के बाद आग लगने का मामला सामने आया है। कनेरी रोड स्थित आम्रपाली विंध्यवासिनी कॉलोनी में देर रात घर के अंदर खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक जोरदार धमाका हो गया। इसके बाद स्कूटी में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने घर के सामान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में घर में सो रही आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और उनकी दो बेटियां झुलस गईं।
घटना बुधवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बिंदुकुंवर अपनी दो बेटियों अंतिमकुंवर और विजयलक्ष्मी के साथ घर में सो रही थीं। घर के आगे के हिस्से में करीब 10 दिन पहले खरीदी गई इलेक्ट्रिक स्कूटी खड़ी थी। इसी दौरान अचानक स्कूटी में जोरदार धमाका हुआ और उसमें आग लग गई।
धमाके और आग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह घर में मौजूद मां और दोनों बेटियों को बाहर निकाला। तीनों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रतलाम पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम का फायर ब्रिगेड अमला मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग के कारण मकान में रखा घरेलू सामान जल गया और काफी नुकसान हुआ है।
10 दिन पहले ही खरीदी थी स्कूटी
घायल महिला के परिजन वीरेंद्र सिंह के मुताबिक इलेक्ट्रिक स्कूटी करीब 10 दिन पहले ही खरीदी गई थी। हादसे के बाद स्कूटी में आग लगने और धमाका होने के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
बिंदुकुंवर ग्राम गुनावद में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत हैं। हादसे में वह और उनकी दोनों बेटियां घायल हुई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्कूटी में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
