रतलाम (IVNEWS) एक रचनाकार को उसका परिवेश , आसपास की परिस्थितियां और प्रकृति का सौंदर्य लिखने के लिए प्रेरित करता है । वह समाज की विसंगतियों के बीच आम आदमी की पीड़ा को महसूस करता है, वही लिखता है । एक रचना संग्रह का प्रकाशन कई मुश्किलों के बाद हो पाता है । यह एक रचनाकार के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण पल होता है।

Oplus_16908288

उक्त विचार जनवादी लेखक संघ द्वारा आयोजित पुस्तक विमर्श कार्यक्रम में वरिष्ठ कवयित्री डॉ.गीता दुबे ने व्यक्त किए । उन्होंने कवि हीरालाल खराड़ी की पुस्तक प्रकृति एवं मानव जीवन के प्रकाशन को शहर की रचनात्मकता के लिए सुखद बताया ।
वरिष्ठ कवि श्याम महेश्वरी ने इस अवसर पर अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रतलाम की साहित्य धरा में एक नन्हे पौधे का उगना आशा जगाता है। कैप्टन डॉ.एन. के .शाह ने कहा कि एक रचनाकार के जीवन में गुरू का बहुत महत्व होत है । वरिष्ठ कवि जुझार सिंह भाटी ने कहा कि कविता में कवि का चेहरा नजर आता है। कवि का सौंदर्य ही लिखने के लिए प्रेरित करता है । पूर्व प्राचार्य आशा श्रीवास्तव ने कहा कि संग्रह कि रचनाओं में कवि का स्कूली जीवन बहुत शिद्दत से उभर कर सामने आया है । सचिव रणजीत सिंह राठौर ने कहा कि पुस्तक की रचनाओं में कवि का प्रेम भी उभर कर सामने आया है। यह प्रेम ही जीवन का आधार है। अनीस ख़ान ने कहा कि आदिवासी अंचल से एक कवि का आगे आना आशा जगाता है। पूजा चोपड़ा ने साहित्य परंपरा में एक और रचनाकार की मौजूदगी का शब्दों से स्वागत किया।

इन्होंने किया रचना पाठ

काव्य संग्रह की प्रमुख कविताओं का पाठ कवि हीरालाल खराड़ी ने किया। साथ ही विनोद झालानी , नरेन्द्र त्रिवेदी, आई.एल. पुरोहित , अनीस ख़ान , पुष्पलता शर्मा, पूजा चोपड़ा, मांगीलाल नागावत, रणजीत सिंह राठौर, संजय परसाई ‘सरल’, श्याम सुंदर भाटी, कला डामोर, एस.के. मिश्रा ने रचना किया ।

इनका हुआ सम्मान

आयोजन में कवि श्री हीरालाल खराड़ी एवं हाल ही में धुरंधर सम्मान प्राप्त करने वाले वरिष्ठ हास्य कवि जुझार सिंह भाटी का सम्मान किया गया । कार्यक्रम का संचालन आशीष दशोत्तर ने किया आभार सचिव रणजीत सिंह राठौर ने व्यक्त किया ।

तरही ग़ज़ल पर आयोजन 19 जुलाई को

जनवादी लेखक संघ उर्दू विंग द्वारा 19 जुलाई को प्रातः 11 बजे शहीद भगत सिंह पुस्तकालय ,शहर सराय रतलाम पर तरही नशिस्त का आयोजन किया जा रहा है । इस आयोजन में तरही मिसरे ‘ वक़्त आएगा इंतज़ार करो ‘ पर रचनाकार अपने गीत, ग़ज़ल प्रस्तुत करेंगे । जनवरी लेखक संघ अध्यक्ष युसूफ़ जावेदी और उर्दू विंग के प्रदेश संयोजक सिद्धीक़ रतलामी में सुधिजनों से उपस्थिति का आग्रह किया है।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!