
रतलाम/जावरा (IV News)। भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही लोकायुक्त पुलिस उज्जैन की टीम ने सोमवार को जावरा में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए एक सरकारी बाबू को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी सेवानिवृत्त शिक्षक के पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) और सेवानिवृत्ति प्रमाण-पत्र जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।

जानकारी के अनुसार जावरा निवासी लक्ष्मीनारायण लोट, जो कि उच्च माध्यमिक विद्यालय से सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, ने लोकायुक्त पुलिस उज्जैन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके सेवानिवृत्ति संबंधी दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी करने के लिए अनिल वर्मा, सहायक ग्रेड-2 (बाबू), संकुल केंद्र शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय कमला नेहरू, जावरा द्वारा 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत प्राप्त होने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने पर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार यादव के मार्गदर्शन में ट्रैप योजना तैयार की गई।

रिश्वत लेते ही दबोचा
सोमवार को लोकायुक्त की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल वर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। बताया गया है कि आरोपी ने रिश्वत की राशि अपने हाथ में लेने के बाद उसे टेबल की दराज के ऊपर रखे रजिस्टर के नीचे छिपा दिया था। लोकायुक्त टीम ने मौके पर ही राशि बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम-2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इन अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
इस सफल ट्रैप कार्रवाई में डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत तथा आरक्षक उमेश जाटव, श्याम शर्मा, नीरज राठौर और संदीप कदम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
