
रतलाम (IVNEWS ) कनेरी रोड पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक गांव से दूध लेकर बाइक पर रतलाम आ रहा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने कनेरी रोड पर चक्काजाम कर दिया।
मृतक की पहचान मोतीलाल पिता शंकरलाल गुर्जर (19) निवासी कनेरी गांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मोतीलाल रोज की तरह बाइक पर दूध की केन लेकर रतलाम आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही पिकअप ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर रखी दूध की केन कई फीट दूर खेत में जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय युवक के पीछे उसके काका भी आ रहे थे। उन्होंने तुरंत एम्बुलेंस और डायल-112 को सूचना दी, लेकिन करीब एक घंटे तक मदद नहीं पहुंची। इससे नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।

ग्रामीण घायल युवक को निजी वाहन से डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से पूरे गांव में मातम पसर गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को फरार पिकअप चालक को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन और बाइक को जब्त कर लिया है तथा आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
