
रतलाम ( IVNEWS ) नामली मे पुलिस लिखे वाहन से हुई दुर्घटना में घायल की मौत के शनिवार को पूरे नामली में आक्रोश फैल गया। नामली और आसपास के गुस्साए सेकड़ो ग्रामीणों और समाजजनों ने महू-नीमच फोरलेन पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और न्याय, मुआवजा व सुरक्षा सुधार की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
गुरुवार को नामली क्षेत्र में पुलिस लिखे वाहन की टक्कर से मुकेश कुमावत गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया था, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही क्षेत्र में गहरा आक्रोश फैल गया।

शनिवार सुबह से ही व्यापारियों ने विरोध स्वरूप अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। मृतक की शवयात्रा जैसे ही घर से निकली, परिजन और ग्रामीण उसे सीधे महू-नीमच फोरलेन पर ले गए। यहां शव रखकर धरना शुरू कर दिया गया।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो अंतिम संस्कार भी हाईवे पर किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान समाजजनों ने प्रशासन के सामने तीन मांगें रखी जिसमे मृतक परिवार को 1 करोड़ रुपये मुआवजा, दुर्घटना स्थल पर फोरलेन की सुरक्षा कमियों को तत्काल दूर किया जाए और मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर प्रशासनिक अधिकारी और भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने परिजनों और समाजजनों से कई चरणों में बातचीत की। प्रशासन द्वारा मांगों पर सकारात्मक विचार और उचित कार्रवाई के लिखित आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ…समाजजनों ने चेतावनी दी है कि यदि 12 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो मृतक की 13वीं का कार्यक्रम फोरलेन पर ही किया जाएगा और बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
