
जावरा ( ivnews) किसानों को दीपावली के पहले ही प्रदेश सरकार ने दीपावली मनवाई है,जिसके लिए मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करते है।अतिवृष्टि से हुई फसल क्षति के साथ ही पहली बार पीला मोजेक की बीमारी को क्षतिपूर्ति में शामिल किया गया,जो निश्चित ही सराहनीय है। उक्त बात जावरा विधायक डॉ राजेन्द्र पांडेय ने राहत राशि वितरण वीडियो कांफ्रेंसिंग कार्यक्रम में कही।जावरा विधानसभा क्षेत्र में 97 हजार 510 किसानों को 80 करोड़ 56 लाख रु की राशि स्वीकृत हुई।जिसमें से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रारम्भिक रूप से सिंगल क्लिक से 9 करोड़ 43 लाख रु की राशि अंतरित की।उल्लेखनीय है कि अतिवृष्टि से खेतों में पानी भरने व पीला मोजेक बीमारी से फसलों की क्षति होने पर विधायक डॉ पांडेय ने मुख्यमंत्री डॉ यादव सहित विभिन्न अधिकारियों से निरन्तर सम्पर्क कर सर्वेक्षण कराने और मुआवजा राहत राशि प्रदाय करने की मांग की । जिस पर प्रदेश सरकार ने फसल क्षति मुआवजा राहत राशि स्वीकृत की ।वीडियो कांफ्रेंसिंग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सिंगल क्लिक से रतलाम जिले के 2 लाख 83 हजार 478 प्रभावित किसानों के लिए 213 करोड़ रु की राशि स्वीकृत कर 14 करोड़ 24 लाख रु राशि अंतरित की।जिसमे से जावरा विधानसभा क्षेत्र के जावरा व पिपलौदा विकासखण्ड के 97 हजार 510 प्रभावित किसानों को 80 करोड़ 56 लाख रु की राशि स्वीकृत की है।जावरा विधानसभा क्षेत्र में 251 ग्रामो में एक लाख 118 हेक्टेयर रकबा प्रभावित हुआ।प्रारम्भिक रूप से 9340 किसान भाइयों के खाते में 9 करोड़ 43 लाख 90 हजार की राशि अंतरित की गई।कलेक्टोरेट कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक डॉ पांडेय ने मुख्यमंत्री डॉ यादव को किसानों का दुख दर्द समझकर मुआवजा राहत राशि स्वीकृत कर प्रदाय करने पर जिले की ओर से आभार व्यक्त किया।आपने कहा कि बीमा कंपनिया भी शीघ्र क्षतिपूर्ति प्रदाय करे।कार्यक्रम में रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामोर,भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय,अपर कलेक्टर शालिनी श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई के अलावा बड़ी संख्या में कृषक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।