
रतलाम ( ivnews ) रतलाम शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा गैस, बिजली दरों में वृद्धि, पेट्रोल-डीजल की कमी तथा विभिन्न स्थानीय समस्याओं को लेकर सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया गया। धरने के पश्चात राज्यपाल के नाम ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया। धरना स्थल पर गैस टंकीयों को रखकर पुष्पहार से उनकी पूजा अर्चना की.
स्थानीय बाजना बस स्टैंड पर आयोजित धरना आंदोलन को सम्बोधित करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्मा ने नगर निगम द्वारा कर वृद्धि का भी विरोध करते हुए आंदोलन की घोषणा की.
जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हर्ष विजय गेहलोत ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर बिजली संकट को लेकर तीखा हमला करते हुए कहा कि ओंकारेश्वर बिजली प्लांट का समुचित उपयोग नहीं किया गया, जिसका खामियाजा प्रदेश की जनता भुगत रही है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार की विदेश नीति के कारण ईंधन संकट गहरा गया है, जिससे आम जनता को लाइन में खड़ा होने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में कांग्रेस ने राज्यपाल से आग्रह किया कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण करने में असफल प्रदेश की भाजपा सरकार को बर्खास्त किया जाए। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया कि जीडीपी का असंतुलित वितरण हो रहा है, जिसमें अधिकांश हिस्सा अमीर वर्ग को मिल रहा है, जबकि आम जनता को न्यूनतम लाभ मिल रहा है। पिछले पांच वर्षों में मध्यम वर्ग की आय में मामूली वृद्धि हुई है, जबकि महंगाई लगातार बढ़ती रही है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बड़े उद्योग घरानों को बढ़ावा देने से छोटे व्यापारियों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। बिजली दरों में 10 से 20 प्रतिशत तक की वृद्धि को भी सरकार की विफलता बताया गया।
धरने को उपनेता प्रतिपक्ष कमरुनद्दीन कचवाया, पूर्व अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, पूर्व उप महापौर सतीश परोहित, वरिष्ठ नेता राजीव रावत, रामचंद्र धाकड़,प्रदीप राठौर, राकेश झालानी, महिला नेत्री यास्मीन शेरानी, शैलेन्द्र सिंह अठाना, बसंत पंड्या, विजय उपाध्याय, नरेंद्र जोशी (गुल्लु), वरुण शोत्रिया, डी.पी. धाकड़, दिलीप कुमावत, पार्षद वाहिद शेरानी एवं महिला पार्षद केसर बाई सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
इस अवसर पर सैलाना नगर परिषद अध्यक्ष चेतन्य शुक्ला (लकी), जगदीश पाटीदार राजेश प्रजापत ,गौरव ठाकुर,भगवती लाल यादव रोहित मीणा, आर्यन खान रिजवान शेख।पार्षद भावना पैमाल, सचेतक आशा रावत, कविता महावर, राधा प्रजापत, हीना खान, आरिफा कचवाया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शांतु गवली ने किया
