रतलाम | ivnews
फाइनेंस कंपनी की किश्तों से बचने के लिए ट्रैक्टर बेचकर उसकी चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सुनियोजित तरीके से की गई इस धोखाधड़ी का खुलासा करते हुए माँ-बेटे सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


क्या है पूरा मामला?
ग्राम जमुनिया शंकर निवासी मोतीलाल मालवीय ने 17 फरवरी 2026 को थाना बरखेड़ा कला में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका महिंद्रा ट्रैक्टर रात में अज्ञात चोर चुरा ले गए। शिकायत पर धारा 303(2) BNS के तहत केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान घटनास्थल एवं आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, लेकिन ट्रैक्टर के आवागमन का कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिला। इसी आधार पर पुलिस को शिकायत पर संदेह हुआ और जांच की दिशा बदली गई।
जांच में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि फरियादी के भाई राजू उर्फ राजेश मालवीय ने ट्रैक्टर पहले ही बेच दिया था। फाइनेंस कंपनी की किश्तों से बचने के उद्देश्य से ट्रैक्टर चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
आरोपियों ने मुकेश पाटीदार और असलम शाह के साथ मिलकर योजना बनाई। दलाल प्रदीप कुमावत (निवासी दलोदा) के माध्यम से ट्रैक्टर को मथुरा निवासी मदन मोहन को बेच दिया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर बिक्री से संबंधित नोटरी दस्तावेज भी जब्त कर लिए हैं।
इस बीच SK Finance आलोट शाखा द्वारा भी संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई गई है। प्रकरण में धारा 318(4), 238 एवं 61(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी आलोट के मार्गदर्शन में थाना बरखेड़ा कला पुलिस टीम ने तकनीकी और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। आगे की विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
राजू उर्फ राजेश मालवीय (30 वर्ष)
मुकेश पाटीदार (32 वर्ष)
असलम शाह (36 वर्ष)
मोतीलाल मालवीय (22 वर्ष)
रत्नीबाई मालवीय (55 वर्ष)
सभी निवासी ग्राम जमुनिया शंकर, जिला रतलाम।

सराहनीय योगदान–*
इस कार्रवाई में बरखेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र दंडोतिया प्रधान आरक्षक सुरेंद्र कच्छावा, आरक्षक ओमप्रकाश गुर्जर, राजेश चौधरी, शकील, ईश्वर धाकड़, महिला आरक्षक शारदा लोहार तथा सायबर सेल रतलाम का सराहनीय योगदान रहा।


By V meena

error: Content is protected !!