
रतलाम, ( ivnews)
नगर निगम रतलाम ने संपत्तिकर बकाया रखने वालों के खिलाफ अब आर-पार की कार्रवाई का मन बना लिया है। वर्षों से लाखों रुपये का कर दबाए बैठे 14 बड़े बकायादारों पर निगम ने शिकंजा कसते हुए धारा 174 के तहत मांग सूचना-पत्र जारी कर दिए हैं।
निगम ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि 7 दिन के भीतर बकाया राशि जमा नहीं की गई, तो संबंधित बकायादारों के खिलाफ धारा 175 के तहत शक्ति-पत्र जारी कर संपत्ति कुर्क की जाएगी। इस बार न तो मोहलत मिलेगी और न ही कोई रियायत।
नगर निगम सूत्रों के अनुसार, ये वे बकायादार हैं जिन्होंने पूर्व में जारी नोटिसों को भी गंभीरता से नहीं लिया और लाखों रुपये का संपत्तिकर वर्षों से दबाए बैठे हैं। निगम प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाते हुए कुर्की की कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं।
नोटिस पाने वालों में लुणावत मार्केट, छाजेड़ मार्केट, घांस बाजार, चांदनी चौक, गफ्फुर मार्ग, नौलाईपुरा और कसारा बाजार जैसे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों के संपत्ति स्वामी शामिल हैं,जिन पर 95 हजार से लेकर करीब 7 लाख रुपये तक का बकाया है।
नगर निगम के ये बड़े बकायादार बाबुलाल मिश्रीमल लुणावत मार्केट घांस बाजार पर 6,93,283/-, राजमल-सौभाग्यमल छाजेड़ छाजेड़ मार्केट चांदनी चौक पर 6,06,959/-, अब्दुल करीम-हाजी हुसैन बक्ष व अन्य गफ्फुर मार्ग पर 2,96,804/-, हीरालाल-पन्नालाल कसारा 50, कसारा बाजार पर 2,85,108/-, मोहम्मद हुसैन-गुलाम रसूल नौलाईपुरा पर 2,84,910/-, अब्दुल अजीज-अब्दुल रशीद व अन्य गफ्फुर मार्ग पर 2,65,162/-, नूर मोहम्मद-अब्दुल कादिर 25/ए, नौलाईपुरा 2,34610/- कुन्दनमल-बसंतीलाल घांस बाजार पर 2,29,617/-, वर्धमान-केसरीमल गफ्फुर मार्ग पर 1,74,059/-, महेश कुमार-नारायण भंसाली नौलाईपुरा पर 1,29,960/-, कैलाशचन्द्र-नारायण भंसाली पर 1,29,960/-, द्वारका-नारायण भंसाली नौलाईपुरा पर 1,29,960/-, राजकुमारी-प्रकाशचन्द्र (गोपाल टांक) डोंगरे नगर पर 97,196/- व मोहम्मद इमराम-मोहम्मद यूसुफ गफ्फुर मार्ग पर 95,333/- है
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि समय-सीमा समाप्त होते ही कुर्की दस्ते मौके पर पहुंचेंगे और संपत्ति जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। निगम का कहना है कि अब बकायादारों को किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।
नगर निगम की इस सख्ती के बाद शहर के अन्य संपत्तिकर बकायादारों में भी हड़कंप मच गया है।
