
रतलाम (ivnews) रतलाम–नीमच रेल लाइन परियोजना में भूमि अधिग्रहण के मुआवजे को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। नामली नगर पंचायत के भाजपा पार्षद राधेश्याम परिहार की अधिग्रहित भूमि का मुआवजा आज तक उन्हें नहीं मिला, जबकि उनके नाम से स्वीकृत राशि गलत तरीके से पड़ोसी किसान के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी गई।
भाजपा पार्षद राधेश्याम परिहार की सर्वे क्रमांक 930, हल्का नंबर 12, रकबा 1.4300 हेक्टेयर भूमि रेलवे द्वारा अधिग्रहित की गई थी। नियमानुसार मुआवजा उनके बैंक खाते में आना था, लेकिन यह राशि सर्वे क्रमांक 928/1/1 के भूमि स्वामी मुकेश पिता बगदीराम तेली (राठौड़) के खाते में जमा हो गई।
इस गंभीर गड़बड़ी को लेकर भाजपा पार्षद ने नामली तहसील और जिला स्तर पर आयोजित जनसुनवाई में कई बार लिखित शिकायत की। शिकायत में क्षेत्र के पटवारी जितेंद्र अवस्थी पर किसान मुकेश राठौड़ के साथ साठगांठ कर मुआवजा राशि गलत खाते में डालने का आरोप लगाया गया। बावजूद इसके, अब तक प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पार्षद राधेश्याम परिहार ने 13 जनवरी 2026 को एक बार फिर कलेक्टर के समक्ष जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि इसके बाद नामली क्षेत्र के पटवारी जितेंद्र अवस्थी ने उन्हें मोबाइल फोन पर परेशान करना शुरू कर दिया। पार्षद के अनुसार, पटवारी ने देर रात कॉल कर गाली-गलौच की और जनसुनवाई में शिकायत करने पर धमकाया।
उन्होंने बताया कि 20 जनवरी 2026 को पटवारी द्वारा दी गई गालियों और धमकियों की लिखित शिकायत दोबारा जनसुनवाई में की गई, लेकिन तब भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। भाजपा पार्षद का दावा है कि उनके पास पटवारी द्वारा की गई गाली-गलौच और धमकी की मोबाइल रिकॉर्डिंग मौजूद है।
अब भाजपा पार्षद राधेश्याम परिहार ने अजाक थाना सहित नामली पुलिस थाने में पटवारी जितेंद्र अवस्थी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी कर ली है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
