
रतलाम ( ivnews ) कार्यक्रम की मुख्य वक्ता माउंट आबू से पधारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी, जो ज्ञानामृत मासिक पत्रिका की संपादिका हैं, ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि मीडिया समाज का दर्पण ही नहीं, बल्कि उसके भविष्य का निर्माता भी है। पत्रकारिता केवल घटनाओं का संकलन नहीं, बल्कि जनमानस की सोच, संस्कार और सामाजिक चेतना को दिशा देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में मीडिया की जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। समाज में भय, तनाव और नकारात्मकता फैलाने वाली खबरों के साथ-साथ आशा, प्रेरणा, सेवा, मानवीय संवेदनाओं और सकारात्मक परिवर्तन की कहानियों को भी समान महत्व मिलना चाहिए।उक्त विचार प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के दिव्य दर्शन भवन, डोंगरे नगर सेवा केंद्र पर आयोजित “सकारात्मक मीडिया : सशक्त समाज की आधारशिला” विषय पर मीडिया स्नेह मिलन मे माउंट आबू से पधारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी, ने व्यक्त किये..

शनिवार को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के दिव्य दर्शन भवन, डोंगरे नगर सेवा केंद्र पर “सकारात्मक मीडिया : सशक्त समाज की आधारशिला” विषय पर मीडिया स्नेह मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न समाचार पत्रों, न्यूज़ चैनलों, समाचार एजेंसियों एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े संपादकों, पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं ईश्वरीय स्मृति के साथ किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से ज्ञान, सत्य एवं सकारात्मक चेतना के प्रकाश को समाज में प्रसारित करने का संदेश दिया गया।

उर्मिला दीदी ने कहा कि सकारात्मक पत्रकारिता का अर्थ सच्चाई को छिपाना नहीं, बल्कि सत्य के साथ समाधान और प्रेरणा का मार्ग भी दिखाना है। मीडिया यदि अपने दायित्व का निर्वहन निष्पक्षता, संवेदनशीलता, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक दृष्टिकोण के साथ करे तो वह केवल सूचना का माध्यम नहीं रहेगा, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक शक्तिशाली अभियान बन जाएगा। उन्होंने कहा कि आज समाज को ऐसे पत्रकारों की आवश्यकता है जो अपनी लेखनी और कैमरे के माध्यम से मानवता, सद्भाव, नैतिकता और मूल्यों को प्रोत्साहित करें तथा समाज में विश्वास और आशा का वातावरण निर्मित करें।

उन्होंने आगे कहा कि आध्यात्मिकता व्यक्ति के विचारों को श्रेष्ठ बनाती है और श्रेष्ठ विचार ही श्रेष्ठ पत्रकारिता की नींव हैं। जब पत्रकार स्वयं भीतर से शांत, संतुलित और मूल्यनिष्ठ होंगे, तभी उनकी लेखनी समाज को जोड़ने, जागरूक करने और सकारात्मक परिवर्तन लाने में प्रभावी सिद्ध होगी। उन्होंने सभी मीडिया प्रतिनिधियों से सकारात्मक सोच के साथ समाज हित में कार्य करने का आह्वान किया।
इंदौर से पधारी ब्रह्माकुमारी अनिता दीदी, ब्रह्माकुमारीज़ मीडिया विंग की कोर कमेटी की सदस्य, ने सभी पत्रकार बंधुओं का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि मीडिया और अध्यात्म दोनों का लक्ष्य मानव जीवन में जागृति, नैतिकता और मानवीय मूल्यों का विकास करना है। उन्होंने कहा कि जब पत्रकारिता में आध्यात्मिक दृष्टिकोण जुड़ जाता है, तब समाचार केवल जानकारी नहीं देते, बल्कि लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बन जाते हैं।वर्तमान समय में समाज को ऐसी पत्रकारिता की आवश्यकता है जो लोगों को जोड़ने, प्रेरित करने और समाधान की दिशा दिखाने का कार्य करे। उन्होंने कहा कि मीडिया यदि सकारात्मक सोच, संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय मूल्यों के साथ कार्य करे तो वह नई पीढ़ी के लिए आदर्श स्थापित कर सकता है। उन्होंने सभी पत्रकारों से आग्रह किया कि वे अपने लेखन और प्रसारण के माध्यम से सेवा, सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, महिला सशक्तिकरण, युवा जागृति और आध्यात्मिक मूल्यों जैसे विषयों को अधिक से अधिक स्थान दें।
इसके पश्चात सेवा केंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने सभी पत्रकार बंधुओं को गहन राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक पत्रकारिता का आधार स्वयं का सकारात्मक मन है। जब व्यक्ति भीतर से शांत, स्थिर और मूल्यनिष्ठ होता है, तभी उसकी वाणी, विचार और कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं। उन्होंने राजयोग मेडिटेशन को तनावमुक्त, संतुलित एवं प्रभावशाली जीवन का सरल माध्यम बताते हुए सभी को प्रतिदिन कुछ समय आत्मचिंतन और मेडिटेशन के लिए निकालने की प्रेरणा दी।
अंत में उपस्थित सभी पत्रकार बंधुओं को ईश्वरीय सौगात भेंट की गई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्रीनाथ योगी जी ने भारत देश की गौरवशाली संस्कृति एवं आध्यात्मिक महिमा पर आधारित एक अत्यंत भावपूर्ण एवं ओजस्वी गीत प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों और पत्रकार बंधुओं को देशभक्ति एवं आध्यात्मिक भावनाओं से ओत-प्रोत कर दिया। कार्यक्रम सकारात्मक संवाद, आत्मीयता एवं आध्यात्मिक ऊर्जा के वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का कुशल संचालन ब्रह्माकुमारी आरती बहन द्वारा किया गया।
